चाचा के साथ निमंत्रण से लौट रही थी बच्ची, हादसे में चाचा भी घायल; गांव में मचा कोहराम।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। महराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग पर मंगलवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 12 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पाली गांव के आगे स्थित फायर स्टेशन के सामने हुआ।
जानकारी के मुताबिक, ओनई जंगल गांव निवासी अनूप लोधी अपनी 12 वर्षीय भतीजी कल्पना के साथ बसंतपुर गांव में निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक फायर स्टेशन के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीआरवी वाहन से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सक गणनायक पांडेय ने जांच के बाद कल्पना को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अनूप लोधी का उपचार जारी है।
मासूम की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
