गुरुपर्व पर अलग-अलग गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होकर सांसद ने लिया गुरु साहिब का आशीर्वाद

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

फगवाड़ा (शिव कौड़ा) श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) के अवसर पर आम आदमी पार्टी के फगवाडा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार व हलका इंचार्ज सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने फगवाड़ा के विभिन्न गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने गुरु घर में माथा टेककर समूची मानवता की सुख-शांति, खुशहाली और सरबत के भले के लिए अरदास की तथा समूह संगत को गुरुपर्व की हार्दिक बधाई दी।

इस पावन अवसर पर सांसद डॉ. चब्बेवाल सबसे पहले निम्मा वाला चौक स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश झुकाया और गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं।

इस दौरान उन्होंने संगत के साथ मिलकर सरबत के भले की अरदास की और गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। इसके उपरांत उन्होंने फगवाड़ा के हदियाबाद स्थित छठी पातशाही गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।

उन्होंने अरदास की कि गुरु साहिब की कृपा से प्रत्येक घर में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहे तथा सभी को सेवा, सिमरन और मानवता की भलाई के मार्ग पर चलने की शक्ति मिले। इसी कड़ी में सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब में भी नतमस्तक होकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष अरदास की। उन्होंने आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना को मजबूत बनाने की कामना की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरुओं की शिक्षाएं हमें मानवता की सेवा, आपसी प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देती हैं। गुरु साहिब द्वारा दिखाया गया सेवा और सिमरन का मार्ग प्रत्येक व्यक्ति के जीवन के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समूह संगत को गुरुपर्व की लाख-लाख बधाइयां देते हुए कामना की कि गुरु साहिब सभी को चढ़दी कला में रखें और पंजाब सहित पूरे देश में अमन-शांति तथा खुशहाली बनी रहे।

Related posts