Barabanki news: बहराइच से आए दो मासूम बच्चों की सरयू नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।

बाराबंकी। बहराइच से आए दो मासूम बच्चों की सरयू नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बाराबंकी जनपद के सिरौली गौसपुर क्षेत्र के अलीनगर गांव में शनिवार को हुआ, जब सत्यम पाल (13) और विवेक (12) नामक दो बच्चे नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

जानकारी के अनुसार, बच्चों के परिजन देशराज के गौना समारोह में शामिल होने गए थे और बच्चे घर पर अकेले थे। खेलते-खेलते वे गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित सरयू नदी तक पहुंच गए और कुछ अन्य बच्चों के साथ नहाने लगे। गहरे पानी का अंदाज़ा न होने के कारण सत्यम और विवेक डूबने लगे।

साथी बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पास में मवेशी चरा रहे चरवाहे मौके पर पहुंचे और दोनों को निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक बच्चे मौसेरे भाई थे और बहराइच जनपद के निवासी थे। सत्यम पाल रमेश मदरही, जरवल रोड का रहने वाला था, जबकि विवेक पंकज रिठौरा, जरवल का निवासी था। वे 5 जून को अपने मामा की शादी में शामिल होने अलीनगर आए थे और तभी से वहीं रुके हुए थे।

घटना की खबर मिलते ही गौना समारोह से लौटे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बच्चों की मां बिलख-बिलख कर रोने लगीं और बेहोश हो गईं। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी प्रीति सिंह, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, निरीक्षक संतोष कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी गई

Related posts