जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली।सलोन कस्बे का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर आशीष तिवारी एक बार फिर सुर्खियों में है। आशीष तिवारी ने सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव आकर मौर्य समाज के खिलाफ जातिसूचक गालियां बकते हुए न केवल खुलेआम जान से मारने की धमकी दी, बल्कि पूरे समाज में भय और तनाव का माहौल पैदा कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आशीष तिवारी लंबे समय से पुलिस-प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए दबंगई करता आ रहा है। उसकी गुंडई से कस्बे और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम है। हैरानी की बात यह है कि लाइव वीडियो वायरल होने और लोगों में आक्रोश भड़कने के बावजूद पुलिस अब तक ठोस कार्रवाई करने से बचती नजर आ रही है।
आक्रोशित मौर्य बंधुत्व समाज के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि जब तक आशीष तिवारी जैसे आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी,
तब तक समाज में शांति और कानून व्यवस्था कायम नहीं रह सकती। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही आरोपी पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन करने के लिए वे बाध्य होंगे।

