Barabanki UP: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की ‘भोजपुरी ब्रीफिंग’ लोगों को खूब आ रही पसंद

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बने हुए हैं। दरअसल 11 सितंबर को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के बीच आधिकारिक बातचीत हुई

, जिससे दोनों देशों के बीच संबंधों में और भी मजबूती आई। इस ऐतिहासिक बैठक ने दोनों देशों के बीच पुराने और मजबूत रिश्तों को और भी सुदृढ़ किया। जायसवाल ने इस विशेष अवसर पर भोजपुरी में एक वीडियो जारी की, जिसके बाद वह जल्द ही वायरल हो गई।

उन्होंने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में वीडियो को साझा करते हुए लिखा भारत-मॉरीशस रिश्ते में एक नया अध्याय, सुनिए भोजपुरी में। इस वीडियो में जायसवाल ने कहा नमस्कार सब लोगन के, गंगा घाट से बनारस और अस्सी घाट से, खास हमनी के परिवार, जो मॉरीशस में रइ ला।

इसका हिन्दी में मतलब है, बनारस के गंगा घाट और अस्सी घाट से आप सभी को नमस्कार, खासकर उन्हें, जो मॉरीशस में रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारत-मॉरीशस के संबंधों के लिए एक नया और ऐतिहासिक मोड़ लेकर आया है। पहली बार दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने काशी नगरी में आधिकारिक वार्ता की। यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जो दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह भी कहा यह बैठक दोनों देशों के संबंधों में नए दृष्टिकोण और दिशा का परिचायक है। उन्होंने आगे बताया कि यह पहल भारतीय और मॉरीशस के रिश्तों को मजबूती देने के साथ-साथ एक नए दौर की शुरुआत है, जो विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा।

दरअसल डिप्लोमेटिक बातचीत में आमतौर पर इस्तेमाल होने वाली भाषा अंग्रेजी या हिंदी होती है। मगर वहां उन्होंने इससे हटकर भोजपुरी में ब्रीफिंग दी और उनका ये अंदाज लोगों को काफी पसंद आया, जिसके बाद नेटिजन्स इस वीडियो को खूब लाइक और शेयर कर रहे हैं। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब जायसवाल ने भोजपुरी में प्रेस ब्रीफिंग दी हो। इस साल मार्च में जब पीएम मोदी राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर मॉरीशस गए थे, तब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भोजपुरी में मीडिया को संबोधित किया था।

(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Dhara Lakshya samachar के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts