धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। शारदीय नवरात्र के समापन पर मंगलवार को क्षेत्र में माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूर्णिमा तिथि पर विकास खंड संग्रामपुर के अंतर्गत ठेंगहा स्थित मालती नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक रामघाट पर भक्तों ने नम आँखों से माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया।
विसर्जन से पूर्व भक्तों ने पंडालों में आरती और पूजा-अर्चना कर देवी माँ को भावभीनी विदाई दी। इसके बाद विभिन्न पूजा समितियों द्वारा सजी हुई प्रतिमाओं को पिकअप और ट्रैक्टरों पर सजाकर भव्य शोभायात्राएँ निकाली गईं।
गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों की गूँज के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते हुए यात्रा में शामिल हुए। यह शोभायात्राएँ प्रमुख मार्गों से होते हुए मालती नदी के रामघाट पहुँचीं।
विसर्जन स्थल पर गोताखोरों, पुलिस बल और प्रकाश व्यवस्था सहित सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने स्वयं अमेठी जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, उपजिलाधिकारी आशीष सिंह, सीओ मनोज मिश्रा तथा संग्रामपुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
रामघाट विकास सेवा समिति द्वारा मेले परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें झांकियों का आकर्षक प्रदर्शन हुआ। इस अवसर पर सैकड़ों प्रतिमाओं का श्रद्धा और भक्ति के साथ विसर्जन किया गया। झांकियों के साथ पारंपरिक घोड़े, गायन टोली आदि मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
झांकी प्रतियोगिता में श्री बालाजी माँ दुर्गा पूजा समिति ने प्रथम स्थान, माँ खजुरिया देवी दुर्गा समिति (शुकुलपुर) ने द्वितीय स्थान, और तारापुर समिति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दूर-दराज से आए लाखों मेलार्थियों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। बच्चों ने जलेबी, टिकिया और खिलौनों की खरीदारी कर उत्सव को और रंगीन बना दिया।
अमेठी जनपद की सीमाओं पर स्थित रामघाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन देर रात तक चलता रहा। भक्तों ने माँ दुर्गा से परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। जयकारों की गूंज देर रात तक घाट पर बनी रही। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा और कार्यक्रम शांति एवं सौहार्द के माहौल में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।

