धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र से एक 14 वर्षीय छात्रा लापता हो गई है। छात्रा गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 9 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। देर रात तक छात्रा का कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और सहेलियों से संपर्क किया, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद भी जब छात्रा का पता नहीं चला, तो परिजनों ने थाना कोतवाली अमेठी में तहरीर दी।


परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में खोजबीन कर रही है और स्कूल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
अमेठी कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिलने के बाद भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) 2023 की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि किशोरी की तलाश के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई है और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
