डीएम डॉ. राजागणपति आर. का दधीचि कुंड व रुद्रावर्त निरीक्षण
धारा लक्ष्य समाचार

रिपोर्ट शफीक अहमद सीतापुर उत्तर प्रदेश
सीतापुर। जिलाधिकारी डा० राजागणपति आर० ने मंगलवार को मिश्रिख स्थित पवित्र दधीचि कुंड का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूजन-अर्चन कर जिलेवासियों सहित समस्त जनमानस के कल्याण की कामना की।

जिलाधिकारी ने इस दौरान दधीचि कुंड पर उपस्थित धर्मगुरुओं से भेंटवार्ता करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धर्मगुरुओं द्वारा बताई गई समस्याओं का शीघ्र और समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे तीर्थ स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके उपरांत जिलाधिकारी डा० राजागणपति आर० ने नैमिषारण्य स्थित रुद्रावर्त तीर्थ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रुद्रावर्त पर पूजन-अर्चन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा क्षेत्र के संपर्क मार्गों के दुरुस्तीकरण और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नैमिषारण्य और मिश्रिख जैसे आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के सर्वांगीण विकास के लिए विभागीय समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे यहां आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नीतीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी मिश्रिख शैलेन्द्र मिश्रा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रीमा सोनकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
