धारा लक्ष्य समाचार
शफीक अहमद की रिपोर्ट
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिर्दही टोला मोहल्ले में रविवार दोपहर अचानक एक दो मंजिला मकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह मकान स्व. डॉ. अनीस का है, जो अब गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। गोदाम में बड़ी मात्रा में कंबल और कपड़े रखे हुए थे, जो आग की लपटों में पूरी तरह जलकर राख हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर शहर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि मकान के ऊपरी हिस्से में रखा घरेलू सामान भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि मकान के ऊपरी हिस्से में कुछ गैस सिलेंडर भी रखे थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी। समय रहते फायर कर्मियों ने सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर बड़ा हादसा टाल दिया।
घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने भी फायर कर्मियों के साथ आग बुझाने में सहयोग किया।
प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।

