Sitapur Uttar Pradesh: जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक व चीनी मिल का निरीक्षण, शिक्षा की गुणवत्ता और किसानों के हितों पर दिया जोर

प्रधानाध्यापकों को स्वच्छता व अनुशासन बनाए रखने के निर्देश — महमूदाबाद चीनी मिल में सुरक्षा व पेराई सत्र की तैयारी की ली जानकारी

धारा लक्ष्य समाचार — सीतापुर से शफीक अहमद की रिपोर्ट

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शनिवार को विकास खंड रामपुर मथुरा के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक की और बाद में किसान सहकारी चीनी मिल महमूदाबाद का आकस्मिक निरीक्षण किया। बैठक में डीएम ने विद्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रधानाध्यापक यह सुनिश्चित करें कि बच्चे निर्धारित यूनिफॉर्म में समय से विद्यालय पहुंचें तथा विद्यालय परिसर साफ-सुथरा रहे।

उन्होंने निपुण भारत अभियान के तहत हर विद्यालय को “निपुण स्कूल” बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने को कहा। मिड-डे-मील योजना पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और रोस्टर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टीएलएम, खेल अनुदान व कम्पोजिट ग्रांट के सही उपयोग पर भी उन्होंने जोर दिया। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद जिलाधिकारी ने किसान सहकारी चीनी मिल महमूदाबाद का निरीक्षण किया और मिल की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता, सुरक्षा व्यवस्था तथा रखरखाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बॉयलर सेक्शन, शुगर हाउस और नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि किसानों के हित में सभी रिपेयर व मेंटीनेंस कार्य शीघ्रता से पूरे कर लिए जाएं ताकि पेराई सत्र समय से शुरू हो सके। साथ ही उन्होंने सुरक्षा मानकों के पालन और श्रमिकों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी रत्नेश्वर त्रिपाठी, जीएम पवन कुमार, उपजिलाधिकारी बालकृष्ण सिंह सहित मिल प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts