धारा लक्ष्य समाचार पत्र
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए पोर्टल पर समय से शुद्ध व पूर्ण डाटा अपलोड सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से स्वयं डैशबोर्ड की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में एनआरएलएम, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), फैमिली आईडी, पर्यटन विभाग की योजनाएं, छात्रवृत्ति योजनाएं और सेतु निर्माण सहित कम रैंकिंग वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को प्रगति में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए, ताकि जनपद की रैंकिंग बेहतर हो सके।
जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण, विकास कार्यों को गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ समयसीमा में पूरा करने तथा निर्माण कार्यों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। फैमिली आईडी की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य तेज करने को कहा।
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 के लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने समय पर लक्ष्य प्राप्ति, नए निवेशकों को प्रोत्साहित करने और कमालपुर चीनी मिल के शीघ्र संचालन हेतु प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या, नगर मजिस्ट्रेट कृष्णा नंद तिवारी, जिला विकास अधिकारी संतोष नारायण गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

