धारा लक्ष्य समाचार पत्र
लखनऊ। पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति ऑल इंडिया (रजि.) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद वर्मा की अध्यक्षता में गोमतीनगर स्थित होटल शिवा ग्रैंड में सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी महाअधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा कर उन्हें अंतिम रूप देना रहा।
बैठक में महाअधिवेशन के आयोजन स्थल, तिथि, कार्यक्रम रूपरेखा, पंजीकरण, आवास, मीडिया समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महाअधिवेशन संगठन की मजबूती और पत्रकारों के अधिकारों की प्रभावी आवाज बनेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों के निर्वहन का आह्वान किया।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुनीश मल्होत्रा, प्रदेश सचिव मोहित सिंह, संगठन मंत्री डॉ. आर.के. यादव, लखनऊ मंडल अध्यक्ष राशिद खान चांद, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नवीन राजपूत सहित विभिन्न प्रदेशों और जिलों के पदाधिकारी व पत्रकार उपस्थित रहे।
पदाधिकारियों ने महाअधिवेशन को सफल बनाने के लिए समितियों के गठन, कार्य विभाजन और समयबद्ध तैयारी पर सहमति जताई। साथ ही निर्णय लिया गया कि महाअधिवेशन में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े ठोस प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
बैठक का समापन संगठन को और सशक्त बनाने तथा महाअधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

