आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण कर अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोका, सम्पूर्ण समाधान दिवस में 305 में से 36 शिकायतों का मौके पर समाधान।
धारा लक्ष्य समाचार शफीक अहमद

सीतापुर (लहरपुर)। जनपद में प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने के क्रम में जिलाधिकारी डा० राजागणपति आर० ने एक ओर जहां स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण कर लापरवाही पर कड़ा कदम उठाया, वहीं दूसरी ओर सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।
पीएचपी लहरपुर क्षेत्र स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर खैरूल्लापुर के औचक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात डा० प्रीती वर्मा एवं फार्मासिस्ट अशोक कुमार वर्मा के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने दोनों का आज का वेतन रोकने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष और एक माह पूर्व के प्रसव रजिस्टर की जांच की गई तथा आवश्यक किटों व उपकरणों की कमी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र उपलब्धता और मरीजों को हैंडवॉश सहित मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में शनिवार को जनपद की सातों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डा० राजागणपति आर० की अध्यक्षता में जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना गया। तहसील लहरपुर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लाभार्थीपरक योजनाओं और आईजीआरएस पोर्टल से जुड़ी शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा मौके पर जाकर सत्यापन के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी आकांक्षा गौतम सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आंकड़ों के अनुसार लहरपुर में 127 में से 4, बिसवां में 54 में से 9, मिश्रिख में 48 में से 5, सदर में 24 में से 6, महमूदाबाद में 48 में से 5, महोली में 26 में से 2 तथा सिधौली में 26 में से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को पृष्ठांकित करते हुए एक सप्ताह के भीतर समाधान के निर्देश दिए गए।
