Amethi UP : भेंटुआ ब्लॉक के गैरिकपुर समिति पर पहुंची यूरिया खाद, किसानों में दौड़ी खुशी की लहर

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

भेटुआ/अमेठी।
अमेठी जनपद के भेंटुआ ब्लॉक अंतर्गत गैरिकपुर सहकारी समिति में यूरिया खाद की रैक पहुंचने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों ने खाद आने पर खुशी व्यक्त की है।

स्थानीय किसान अवधेश यादव, महेश, कुलदीप तिवारी, तालुकदार सिंह एवं शिवराज सिंह ने बताया कि यूरिया खाद न मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

समिति सदस्य आशुतोष सिंह ‘भोला’ ने बताया कि इस समय क्षेत्र में यूरिया खाद की भारी किल्लत थी, जिसका फायदा उठाकर बाजार में 270 रुपये में मिलने वाली यूरिया खाद 390 रुपये तक बेची जा रही थी। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था और खेती की लागत भी बढ़ गई थी।

समिति के सचिव अनिल विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यूरिया खाद की रैक समिति पर पहुंच चुकी है और इसका विधिवत वितरण सोमवार से किया जाएगा।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समिति से निर्धारित दर पर ही खाद प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।

यूरिया खाद की उपलब्धता से रबी की फसलों की खेती कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है और अब समय से खाद मिल जाने से फसलों की पैदावार बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related posts