Sitapur UP: मिशन शक्ति 5.0 के तहत सीतापुर पुलिस को मिला iGOT पोर्टल से विशेष प्रशिक्षण

महिला सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण को और प्रभावी बनाने के लिए मिशन शक्ति टीमों को दिया गया आधुनिक व व्यवहारिक प्रशिक्षण

 

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत सीतापुर पुलिस की मिशन शक्ति टीमों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 दिसंबर 2025 को रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित दधीचि सभागार में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी ने की। इस दौरान जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारी एवं टीम सदस्यों को iGOT (इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग) पोर्टल के माध्यम से प्रोजेक्टर द्वारा आधुनिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण सत्र में महिला एवं बाल सुरक्षा, महिला अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव, पीड़ित महिलाओं से संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार, प्रचलित कानूनी प्रावधानों की जानकारी तथा डिजिटल साक्ष्य संकलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इसके साथ ही पॉक्सो अधिनियम, महिला अपराधों से संबंधित बीएनएस धाराओं, ट्रॉमा इंफॉर्म्ड केयर और पीड़िता-केंद्रित कार्यप्रणाली पर भी मार्गदर्शन दिया गया।

अधिकारियों ने महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर जोर देते हुए मिशन शक्ति टीमों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इनमें संवेदनशील स्थलों व हॉटस्पॉट्स पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, घरेलू हिंसा से पीड़ित लेकिन पुलिस तक न पहुंच पाने वाली महिलाओं की पहचान कर समय रहते काउंसलिंग एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराने, तथा महिला अपराधों में जेल से रिहा अभियुक्तों का सत्यापन कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश शामिल रहे।

अधिकारियों ने बताया कि iGOT पोर्टल के माध्यम से दिया गया यह प्रशिक्षण पुलिस कर्मियों की दक्षता बढ़ाएगा और मिशन शक्ति अभियान को और अधिक सशक्त बनाएगा। भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे महिला सुरक्षा के क्षेत्र में पुलिस की भूमिका और प्रभावी हो सके।

Related posts