Sitapur Uttar Pradesh: जनसुनवाई, आईजीआरएस व प्रमाण पत्रों में देरी पर सख्त निर्देश

हरगांव नगर पंचायत में डीएम का औचक निरीक्षण, अधिशासी अधिकारी को फटकार, जेई पर कार्रवाई के निर्देश

जनसुनवाई, आईजीआरएस, निर्माण कार्यों व प्रमाण पत्रों में लापरवाही पर जताई नाराजगी

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शनिवार को आदर्श नगर पंचायत हरगांव का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की संक्षिप्त समीक्षा की। निरीक्षण में विभिन्न कार्यों में कमियां पाए जाने पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी को फटकार लगाते हुए समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए।

डीएम ने जनसुनवाई रजिस्टर देखा और पाइपलाइन व विद्युत से जुड़ी शिकायतों पर स्वयं शिकायतकर्ताओं से बातचीत की। शिकायतें लंबित मिलने पर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। आईजीआरएस फीडबैक की समीक्षा करते हुए वार्डवार सफाई कर्मियों की सूची बाहर चस्पा करने को कहा गया।

निर्माण पत्रावलियों में दस्तावेज अधूरे मिलने पर लिपिक के खिलाफ कार्रवाई और जेई की निरीक्षण आख्या में खामी पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्रों में देरी पर नाराजगी जताते हुए समय से निर्गत करने को कहा गया तथा लंबित दाखिल–खारिज मामलों को एक माह में निस्तारित करने के आदेश दिए गए।

डीएम ने जलकल पटल, हाउस टैक्स और कूड़ा उठान वाहन की लॉगबुक भी जांची। बाद में विद्यालयों में पहुंचकर एसआईआर, फॉर्म-6 व फॉर्म-8 की स्थिति देखी और सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी श्रीश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts