Sitapur Uttar Pradesh: सीतापुर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज, नगर मजिस्ट्रेट ने कई बूथों का किया निरीक्षण

मतदाता सूची पठन कार्य का जायजा, बीएलओ को दिए सख्त व स्पष्ट निर्देश।

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार 18 जनवरी 2026 को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का पठन किया गया। इस दौरान संबंधित बूथों पर बीएलओ, सुपरवाइजर तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे और पात्र नागरिकों को नाम जोड़ने, संशोधन व विलोपन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

इसी क्रम में नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पाण्डेय ने नगर क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर तरीनपुर स्थित बूथ संख्या 102, 107 व 115 से 121, हिंदू कन्या इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 214, हिंदू कन्या महाविद्यालय के बूथ संख्या 215 से 219, आर्य कन्या इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 224 से 227, कंपोजिट विद्यालय नैपालापुर के बूथ संख्या 293 से 298 तथा पंचायत घर नैपालापुर के बूथ संख्या 299 से 301 तक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा उपस्थित मतदाताओं के समक्ष निर्वाचक नामावली पढ़कर सुनाई गई। नगर मजिस्ट्रेट ने फॉर्म-6 से संबंधित निर्देश देते हुए कहा कि नए मतदाताओं का सही एवं पूर्ण चिन्हीकरण किया जाए तथा आवेदन पत्र में रिश्तेदार का EPIC नंबर, मोबाइल नंबर और पिनकोड अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी बूथ प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक अनिवार्य रूप से खुले रहें,

जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें। नगर मजिस्ट्रेट के निरीक्षण से पुनरीक्षण अभियान में पारदर्शिता और गति का स्पष्ट संदेश मिला है।

Related posts