Sitapur Uttar Pradesh: कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक और आवास योजना कार्यक्रम, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

साफ-सफाई, अतिक्रमण, ई-रिक्शा व्यवस्था पर जोर, सीएम योगी ने 3246 लाभार्थियों को भेजी पहली किस्त।

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने नगरीय निकायों में साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, अवैध अतिक्रमण हटाने, नजूल व सरकारी भूमि को कब्जा-मुक्त कराने तथा ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओपन जिम, खेल मैदानों के विकास, पानी की टंकियों की नियमित सफाई और वार्ड स्तर पर स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित कर उत्कृष्ट वार्डों व स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण, टैक्सी स्टैंड पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, ई-रिक्शा के लिए पंजीकरण, आईडी कार्ड और कलर-कोडेड रूट चार्ट लागू करने के निर्देश दिए। ठंड को देखते हुए अलाव व रैन बसेरों की नियमित समीक्षा, बड़े बकायेदारों से वसूली तेज करने तथा सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के आदेश भी दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, नगर पालिका परिषद सीतापुर के अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इसी दिन कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जहाँ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से एक क्लिक में लगभग 2 लाख लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की गई।

सीतापुर जिले के 3246 लाभार्थियों के बैंक खातों में धनराशि सीधे भेजी गई। कार्यक्रम में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी के साथ 20 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। योजना से लाभान्वित परिवारों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी, वहीं प्रशासन ने इसे गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम बताया।

Related posts