‘भारत का अंतर्राष्ट्रीय बैंक ‘बैंक ऑफ बड़ौदा’ द्वारा प्रॉपर्टी एक्सपो–2026 का वाराणसी में भव्य आयोजन।
वाराणसी, 31 जनवरी 2026
बैंक ऑफ बड़ौदा, क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी द्वारा आज 31 जनवरी 2026 को प्रॉपर्टी एक्सपो–2026 का सफल आयोजन गिरिजा देवी संस्कृत संकुल, चौकाघाट, वाराणसी में किया गया। यह एक्सपो सुबह 10 बजे से आम जनता के लिए खुला रहा। कार्यक्रम में बैंक ऑफ़ बड़ौदा वाराणसी के महाप्रबंधक व अंचल प्रमुख मिथलेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोज कुमार बक्शी, उप महाप्रबंधक, वाराणसी अंचल, गंगा सिंह, उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख, बैंक ऑफ़ बड़ौदा, वाराणसी क्षेत्र तथा भोला नाथ त्रिवेदी, उप महाप्रबंधक, वाराणसी अंचल उपस्थित रहें। प्रॉपर्टी एक्सपो–2026 में वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA), नगर निगम वाराणसी के साथ-साथ वाराणसी के बेहतरीन व प्रतिष्ठित बिल्डर्स, प्रमुख हाउसिंग प्रोजेक्ट्स एवं आर्किटेक्टस ने सक्रिय सहभागिता की। एक्सपो का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही छत के नीचे आवास, ऋण सुविधाओं एवं शहरी विकास से संबंधित समस्त जानकारियाँ उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा होम लोन पर विशेष रियायतें, त्वरित स्वीकृति, सरल एवं पारदर्शी प्रक्रिया तथा प्रोसेसिंग शुल्क में छूट जैसी सुविधाएँ प्रदान की गईं। वहीं वाराणसी विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम के अधिकारियों द्वारा वाराणसी मास्टर प्लान, विकास योजनाओं एवं भवन स्वीकृति प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। एक्सपो में नवीनतम निर्माण तकनीक, वास्तुकला के आधुनिक ट्रेंड्स, पीएम सूर्य घर सोलर योजना के लाभों की जानकारी तथा डिजिटल फ्रॉड जागरूकता सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसे आगंतुकों द्वारा सराहा गया। आर्किटेक्ट्स, बैंकरों एवं विशेषज्ञों ने आमजन को व्यक्तिगत परामर्श भी प्रदान किया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य लोगों को “छत एक, विकल्प अनेक” की भावना के साथ एक भरोसेमंद बैंकिंग एवं आवास समाधान उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही ।

