खेलों से निखरा सर्वांगीण विकास: हैप्पी मॉडल स्कूल, रामकटोरा में रंगारंग खेल उत्सव।
वाराणसी हैप्पी मॉडल स्कूल, रामकटोरा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए एक भव्य खेल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अविनाश यादव (पूर्व रणजी क्रिकेट खिलाड़ी, उत्तर प्रदेश टीम) द्वारा माँ आनंदमयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं मशाल प्रज्वलन के साथ किया गया। खेल उत्सव के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने अत्यंत अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक ज़ुम्बा डांस ने पूरे मैदान को तालियों की गूंज से भर दिया। खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत केजी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए रेस, बटरफ्लाई रेस, फ्लावर्स एंड हनी रेस जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। वहीं अभिभावकों के लिए कोन एवं बैलून बैलेंसिंग गेम का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों के लिए हुला हूप रेस, बैलून बस्टिंग रेस, स्पून लेमन रेस एवं क्वाइन बैलेंसिंग रेस कराई गई। कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने सैक रेस, जलेबी रेस तथा कलेक्ट द बॉल्स जैसी रोचक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 200 मीटर रिले रेस विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें छात्रों ने अद्भुत खेल कौशल का परिचय दिया।सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि अविनाश यादव एवं विद्यालय की अकादमिक डायरेक्टर डॉ. अंबिका भगत, डिप्टी डायरेक्टर श्री विनोद पाण्डेय द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को किसी न किसी आउटडोर खेल से अवश्य जोड़ना चाहिए, जिससे उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास संतुलित रूप से हो सके। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, विद्यालय समन्वयक मैथिली सेठ, प्रधानाचार्य, प्रशासक श्री नामो राजा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय समन्वयक मैथिली सेठ द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

