शिवरात्रि के पावन पर्व पर भुवनेश्वर नगर कॉलोनी में मां दुर्गा व पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा।
वाराणसी। वाराणसी के अर्दली बाजार स्थित भुवनेश्वर नगर कॉलोनी में शिवरात्रि के महापावन पर्व पर पार्क में स्थित भोले शंकर मंदिर में मां दुर्गा एवं पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति की विधि-विधानपूर्वक प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। कार्यक्रम का आयोजन कॉलोनी के अध्यक्ष जनार्दन सिंह के नेतृत्व में किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे धार्मिक अनुष्ठान के साथ मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके उपरांत पूजा-पाठ एवं आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शिवरात्रि के शुभ अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मुख्य रूप से जनार्दन सिंह (अध्यक्ष), संजय सिंह, प्रेम प्रकाश सिंह, गौतम (अध्यक्ष), ध्रुव सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सौहार्द और आध्यात्मिक भावना को बल मिलता है। आयोजन की सफलता पर सभी श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।

