कला प्रकाश द्वारा अस्सी स्थित होटल गैंजेस व्यू में गुरुवार शाम “ईस्ट मीट्स वेस्ट” सांगीतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
काशी के युवा ध्रुपद गायक डॉ आशीष कुमार जायसवाल ने डेनमार्क से आए सैक्सोफोन वादक लार्स माॅलर के साथ ध्रुपद जुगलबंदी प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम के पूर्व अभिजित अग्रवाल तथा जितेन्द्र नागर ने कलाकारों का स्वागत किया। राग यमन के साथ कलाकारों ने कार्यक्रम का प्रारम्भ किया। राग यमन में विस्तृत आलाप जोड़ झाला के पश्चात् सूलताल में पद की सुन्दर प्रस्तुति दी। राग खमाज में बनारसी दादरा प्रस्तुत कर कलाकारों ने कार्यक्रम का समापन किया।
पखावज पर काशी के युवा पखावज वादक शुभम गुजराती ने सुन्दर संगत की। तानपूरे पर योको तनाका ने सहयोग किया। धन्यवाद अशोक कपूर तथा संचालन डॉ अनुराधा रतूड़ी ने किया। अरविन्द अग्रवाल, पं रबिन्द्र नारायण गोस्वामी, मुदिता अग्रवाल कपूर, वीणा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य श्रोता तथा बड़ी संख्या में संगीत के विद्यार्थी एवं विदेशी श्रोता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

