Varanasi UP…रोटरी क्लब वाराणसी गंगा एवं रोटरी क्लब वाराणसी इलिट के शिविर में 60 मोतियाबिंद ऑपरेशन

रोटरी क्लब वाराणसी गंगा एवं रोटरी क्लब वाराणसी इलिट के शिविर में 60 मोतियाबिंद ऑपरेशन।

वाराणसी श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज के परमानंदपुर परिसर में रविवार को आर. जे. शंकर आई हॉस्पिटल के सहयोग से राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत निशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन रोटरी क्लब वाराणसी गंगा एवं रोटरी क्लब वाराणसी इलिट द्वारा किया गया।
शिविर का उद्घाटन श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष अग्रवाल एवं मुख्य अतिथि पूर्व रोटरी गवर्नर संजय अग्रवाल ने किया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। अपने स्वागत संबोधन में प्रो. मिथिलेश सिंह ने कहा कि नेत्र हमारे जीवन का अमूल्य उपहार हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए पौष्टिक आहार, डिजिटल स्क्रीन से बचाव और नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है। सभापति संतोष अग्रवाल ने संतुलित आहार और उचित देखभाल को नेत्र स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताया। क्लब अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि मोतियाबिंद एक सामान्य नेत्र रोग है, जो प्रायः बढ़ती उम्र के साथ होता है और समय पर ऑपरेशन से इसका सफल उपचार संभव है। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. मधु अग्रवाल ने बताया कि दृष्टि के बिना जीवन की कल्पना कठिन है, इसलिए मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और मधुमेह जनित नेत्र रोगों की समय पर पहचान के लिए नियमित जांच आवश्यक है। शिविर में 150 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 60 मरीजों का ऑपरेशन हेतु चयन किया गया। विशेष रूप से एक 5 वर्षीय बच्चे का भी चयन किया गया, जिसके पूर्ण लेंस प्रत्यारोपण का खर्च पूर्व रोटरी गवर्नर श्री संजय अग्रवाल द्वारा वहन किया जाएगा। कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनीता सिंह, सह-अधिष्ठाता डॉ. पूनम राय, श्रीमती शोभा प्रजापति, सामुदायिक केंद्र की समन्वयक डॉ. नीलू गर्ग, श्री सुजीत सिंह, श्री राम नरेश सहित महाविद्यालय के समस्त कर्मचारियों का सहयोग रहा।
शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों ने समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Related posts