आदर्श फाउंडेशन पूर्वांचल अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन।
बनारस 11 बनी विजेता।
वाराणसी। बनारस क्रिकेट संघ पूर्वांचल के तत्वावधान में आयोजित आदर्श फाउंडेशन पूर्वांचल अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों के बाद बनारस 11 की टीम विजेता बनी, जबकि सिल्वर ग्रो अंडर-17 ने अपने वर्ग में खिताब जीता। यह मैच बाबा अवधूत नाथ सिद्धार्थ गौतम राम सेवा न्यास के सहयोग से आयोजित किया गया।
पहला फाइनल मैच (अंडर-17)
सिल्वर ग्रो बनाम आदर्श फाउंडेशन के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में सिल्वर ग्रो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 108 रन बनाए। सावन कुमार (37 रन) और अर्णव (22 रन) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आदर्श फाउंडेशन की ओर से कृष्ण ने 4 विकेट और वैभव ने 2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आदर्श फाउंडेशन की टीम 69 रन पर ऑलआउट हो गई। आदित्य (22 रन) और सिद्धार्थ (14 रन) ने संघर्षपूर्ण पारी खेली। सिल्वर ग्रो की ओर से अर्णव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त किया। अंडर-14 वर्ग के फाइनल में बनारस 11 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 137 रन बनाए। आदित्य (26 रन), अमित (20 रन) और अमन (19 रन) ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
भदोही 11 की ओर से विराट और अनूप ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में भदोही 11 की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 109 रन ही बना सकी। अनूप यादव ने 66 रन तथा सैफ ने 11 रन का योगदान दिया। बनारस 11 की ओर से शिवम ने 3 विकेट, विराट ने 2 विकेट और आदित्य ने 2 विकेट लिए। फाइनल मैच के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय श्री अशोक राय (एमडी, लक्ष्मी मेडिकल सर्जिकल सेंटर) तथा विशिष्ट अतिथि माननीय श्री अनुराग द्विवेदी (एमडी, आदर्श फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र, मन्नापुर रामनगर) एवं रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अरविंद श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए और प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। मैन ऑफ द मैच (अंडर-14) का पुरस्कार आदित्य (बनारस) को दिया गया। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भदोही 11 के अनूप यादव को प्रदान किया गया। बेस्ट बैट्समैन का खिताब अमन (बनारस) तथा बेस्ट बॉलर का पुरस्कार शिवम को मिला।
कार्यक्रम में बनारस के वरिष्ठ खिलाड़ी जेपी सोनकर, गौतम राय, डॉ. धीरज सिंह, उदय राज सिंह, घनश्याम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान आयोजन समिति की ओर से किया गया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों एवं खिलाड़ियों को बधाई दी गई।

