सूतटोला में बदमाशों की फायरिंग से दहशत, बेटे की जान बख्शने के लिए मांगी पांच लाख की रंगदारी।

वाराणसी। शहर के सूतटोला इलाके में शुक्रवार देर रात बदमाशों की फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों ने एक युवक की हत्या न करने के एवज में उसकी मां से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। मामले में महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सूतटोला निवासी सुमन यादव ने कोतवाली थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 1:38 बजे विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर एक के पास रहने वाला आर्यन पांडेय, मीरघाट निवासी गोलू यादव उर्फ शुभम, विशाल साहनी, आंचल यादव उर्फ आनंद यादव और शंभू साहनी (पता अज्ञात) तीन-चार अन्य साथियों के साथ उनके घर के नीचे पहुंच गए। आरोप है कि सभी बदमाश गाली-गलौज करने लगे और उनके बेटे गोविंद यादव की हत्या करने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगे।
विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की, जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं इंटरनेट मीडिया पर एक बदमाश का पिस्टल लिए वीडियो भी प्रसारित हुआ है।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। कोतवाल दयाशंकर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
एसीपी विजय प्रताप सिंह के अनुसार आरोपितों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। गोविंद यादव के खिलाफ भी पूर्व में कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच जुलाई 2024 में भी विवाद हुआ था। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मीरघाट में हुई फायरिंग की घटना में भी एक पक्ष आरोपित रहा है।
पुलिस का कहना है कि सूतटोला में पिस्टल लेकर पहुंचने और फायरिंग करने की घटना की गंभीरता से जांच कर आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


