Varanasi UP….विश्वमांगल्य सभा का प्रथम प्रांतीय अधिवेशन 15–16 मार्च को काशी में।

विश्वमांगल्य सभा का प्रथम प्रांतीय अधिवेशन 15–16 मार्च को काशी में।

वाराणसी। भारतीय संस्कृति के सनातन मूल्यों, मातृशक्ति के जागरण तथा सामाजिक-सांस्कृतिक पुनर्जागरण के उद्देश्य से कार्यरत विश्वमांगल्य सभा, काशी प्रांत का प्रथम प्रांतीय अधिवेशन 15 एवं 16 मार्च 2026 को काशी स्थित श्रृंगेरी मठ में आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि विश्वमांगल्य सभा समाज में भारतीय जीवनदृष्टि, संस्कारपरक पारिवारिक व्यवस्था तथा मातृशक्ति के संगठन और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अधिवेशन में काशी प्रांत के विभिन्न जनपदों से कार्यकर्ता बहनों एवं पदाधिकारियों की सहभागिता रहेगी।
दो दिवसीय अधिवेशन के प्रथम दिन 15 मार्च को उद्घाटन सत्र एवं विभिन्न बैठकों का आयोजन होगा। इस दौरान शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में वैचारिक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें मातृशक्ति की भूमिका, सांस्कृतिक जागरण तथा संगठन की भावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
अधिवेशन के दूसरे दिन 16 मार्च को प्रातः शिवाजी नगर पार्क से श्रृंगेरी मठ तक भव्य नगर परिक्रमा निकाली जाएगी। इस नगर परिक्रमा में संगठन की कार्यकर्ता बहनों द्वारा भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाती आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही लाठी एवं तलवार संचालन का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो नारी शक्ति, साहस और आत्मरक्षा की परंपरा का प्रतीक होगा।
विश्वमांगल्य सभा, काशी प्रांत की अध्यक्ष आनंद प्रभा ने मीडिया प्रतिनिधियों से इस आयोजन को व्यापक रूप से प्रसारित करने का अनुरोध किया है। प्रेस वार्ता में प्रांतीय पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Related posts