Sitapur UP: सीतापुर में राष्ट्रीय लोक अदालत की बड़ी सफलता एक दिन में 2,00,701 वादों का निस्तारण, 10.63 करोड़ रुपये से अधिक के मामलों में समझौता

धारा लक्ष्य समाचार,

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीतापुर के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई। माननीय अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश आशीष जैन की अध्यक्षता में आयोजित लोक अदालत में कुल 2,00,701 वादों का निस्तारण किया गया, जबकि 10 करोड़ 63 लाख 42 हजार 501 रुपये से अधिक की धनराशि से जुड़े मामलों का भी समाधान कराया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ जिला न्यायालय परिसर में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान मोटर दुर्घटना दावा प्राधिकरण के पीठासीन अधिकारी मो. गुलामुल मदार, अन्य न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय भान उपस्थित रहे।

लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों द्वारा मामलों का निस्तारण किया गया। मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण में 82 मामलों में 5 करोड़ 1 लाख 70 हजार रुपये का एवार्ड पारित किया गया, जबकि परिवार न्यायालय में 136 पारिवारिक मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण हुआ। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन बैंक रिकवरी के 1,986 मामलों में समझौता कर 4 करोड़ 53 लाख 68 हजार 385 रुपये की वसूली की गई तथा 32 दंपतियों को आपसी सहमति से पुनः साथ रहने के लिए समझौता कराया गया।

लोक अदालत के सफल आयोजन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय भान ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराया जाता है, जिससे अदालतों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------

Related posts