जयप्रभाग्राम में श्रीराम कथा के सप्तम दिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब, जगद्गुरु के चरण पखारकर महंत आलोक दास जी महाराज ने ग्रहण किया चरणामृत

राजन जी महाराज ने सुनाया केवट प्रसंग, मारीच सहित राक्षसों के प्रसंगों का किया भावपूर्ण वर्णन, संतों के सानिध्य में भक्तिमय हुआ जयप्रभाग्राम

रिपोर्ट ए के पाण्डेय गोंडा

धारा लक्ष्य समाचार

गोण्डा। नानाजी देशमुख की कर्मस्थली जयप्रभाग्राम में इन दिनों भक्ति और अध्यात्म की अविरल धारा बह रही है। परम पूज्य महंत आलोक दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित भव्य श्रीराम कथा महोत्सव में आस्था का महाकुंभ उमड़ पड़ा है। कथा के सप्तम दिवस पर देशभर से पहुंचे संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित श्रीराम कथा में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज ने श्रीरामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने भगवान श्रीराम और केवट के अनन्य प्रेम, समर्पण एवं भक्ति से जुड़े केवट प्रसंग को सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही मारीच सहित विभिन्न राक्षसों से जुड़े प्रसंगों का वर्णन करते हुए भगवान श्रीराम की लीला, धर्म की स्थापना और अधर्म पर विजय का संदेश दिया।

सप्तम दिवस का एक विशेष आध्यात्मिक क्षण तब देखने को मिला, जब महोत्सव के आयोजक एवं श्रीराम के अनन्य भक्त परम पूज्य महंत आलोक दास जी महाराज ने जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्री रामदिनेशाचार्य जी महाराज के चरण पखारे और उनका चरणामृत पान किया। इस भावपूर्ण दृश्य ने उपस्थित संतों और श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसे संत परंपरा, गुरु भक्ति और आध्यात्मिक समर्पण का अनुपम उदाहरण माना गया।

महोत्सव में संत-महात्माओं के आगमन का सिलसिला लगातार जारी है। भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा जयप्रभाग्राम गुंजायमान हो रहा है। संतों के सानिध्य और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने इस आयोजन को भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के अद्भुत संगम में बदल दिया है।

Related posts