रायबरेली: खेत में जबरन ट्रैक्टर से जुताई और जान से मारने की धमकी का आरोप, चार दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज रायबरेली। कोतवाली महराजगंज क्षेत्र के ग्राम बावन बुजुर्ग बल्ला में दबंगों द्वारा एक किसान की संक्रमणीय भूमि पर जबरन कब्जा करने की नीयत से ट्रैक्टर चलाकर जुताई करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि थाने में नामजद तहरीर और वीडियो साक्ष्य देने के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रार्थी गंगाप्रसाद पुत्र सुन्दर, निवासी घेरा महराजगंज ने प्रभारी निरीक्षक महराजगंज को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि राजस्व ग्राम बावन बुजुर्ग बल्ला में उनकी कृषि भूमि (गाटा संख्या 215 ‘ख’) स्थित है। आरोप है कि बीते 20 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम मोन निवासी मातादीन व सचिन और ग्राम कोटवा मदनिया निवासी ऋषभ व राजू अपने करीब 10 अज्ञात साथियों के साथ एक ट्रैक्टर और तीन मोटरसाइकिलों से लैस होकर जबरन उनके खेत में घुस आए।

तहरीर के अनुसार, ऋषभ ने जमीन हड़पने का झूठा आरोप लगाते हुए ट्रैक्टर से खेत जोतना शुरू कर दिया, जिससे खेत की मेड़ और सीमाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। जब पीड़ित ने इस अवैध जुताई का विरोध किया, तो विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए आगे बढ़ने पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो साक्ष्य उनके पास सुरक्षित है, जिसमें आरोपी, ट्रैक्टर और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल (नंबर UP32GH3660) स्पष्ट दिखाई दे रही है। पीड़ित ने खतौनी की छायाप्रति और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पुलिस को सौंपते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी,

लेकिन चार दिन बाद भी कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार दहशत में है और उच्चाधिकारियों से न्याय व जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

Related posts