गंगा सफाई से हुई स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत
नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने की गंगा तट पर सफाई : शुरू हुआ स्वच्छता पखवाड़ा, लोगों को गंगा स्वच्छता के प्रति किया जागरूक “


वाराणसी सोमवार को नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय के तत्वावधान में 16 से 31 मार्च तक आयोजित गंगा स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ सामने घाट पर गंगा सफाई कर किया। सफाई के पूर्व नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने आमजन के साथ स्वच्छता का संकल्प लिया। वहीं सदस्यों ने सामने घाट पर उपस्थित माताओं , बहनों, युवा, बुजुर्गों के साथ राष्ट्रध्वज और स्वच्छता स्लोगन लिखी तख्तियां, और कपड़े के झोले लेकर लेकर पदयात्रा निकाली । नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने लोगों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया । सामने घाट पर सफाई के दौरान गंगा तट से लोगों द्वारा विसर्जित किए गए कपड़े, पॉलिथीन में भरी पूजन सामग्री, तस्वीरें और अन्य सामग्रियों को निकाला गया। गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा संरक्षण के लिए हमें जन भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। इस पखवाड़े में गंगा की सफाई का विशेष ध्यान दिया जाएगा। गंगा हमारी संस्कृति की प्रतीक है। इसलिए हमें इस पुनीत कार्य में आगे बढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। जिससे लोगों में गंगा को लेकर जागरूकता पैदा हो और आम जनमानस गंगा सफाई के पुनीत कार्य में जुड़े। राजेश शुक्ला ने बताया कि 16 से 31 मार्च तक चलने वाले गंगा स्वच्छता पखवाड़ा में गंगा प्रवाह वाले सभी राज्यों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गंगा संदेश यात्रा, गंगा स्वच्छता श्रमदान, गंगा गोष्ठी, गंगा प्रदर्शनी, गंगा स्वच्छता पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता, वृक्षारोपण और रैलियां शामिल है। वहीं आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला, महेंद्र तिवारी, श्वेता सिंह, चंद्रशेखर बिष्ट, रविबाला सिंह, डब्ल्यू सिंह, राम सिंह, अवधेश सिंह, विश्वकर्मा और दीपा शामिल रहे।
---------------------------------------------------------------------------------------------------

