Chandigadh hariyana news: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभागीय 5-वर्षीय कार्यान्वयन रोडमैप की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभागीय 5-वर्षीय कार्यान्वयन रोडमैप की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्ष 2030 तक के सभी लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से निर्धारित किया जाए और उनकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही सरकार की प्राथमिकता है, ताकि उनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने “विजन टू एक्शन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस” प्लानिंग टूल का शुभारंभ किया। यह आधुनिक तकनीक पर आधारित टूल विभागों के एक्शन प्लान को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिससे 5 वर्षों के लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से तय करने और उनकी प्रगति की निगरानी करने में मदद मिलेगी। इसके माध्यम से सभी विभागों की रिपोर्टिंग भी एक समान (यूनिफॉर्म) प्रारूप में तैयार होगी, जिससे पारदर्शिता और कार्यक्षमता में सुधार आएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपने प्रयासों को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ाएं और नीति आयोग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं को लागू करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेहतर समन्वय और तकनीकी उपयोग से शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाया जा सकता है।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने रोडमैप की प्रस्तुति दी और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

Related posts