धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार की प्रमुख निवारक स्वास्थ्य पहल ‘निरोगी हरियाणा’ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। इस योजना के तहत अब तक 1 करोड़ से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच (स्क्रीनिंग) की जा चुकी है, जबकि 5.86 करोड़ से ज्यादा लैब टेस्ट मुफ्त में किए गए हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 तक इस योजना के अंतर्गत अंत्योदय परिवारों के 1,00,07,430 लाभार्थियों की स्क्रीनिंग पूरी की जा चुकी है। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए शुरू की गई इस पहल के तहत 5,86,60,875 नि:शुल्क लैब टेस्ट किए गए हैं।

इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य बीमारियों की समय रहते पहचान कर उन्हें गंभीर होने से पहले नियंत्रित करना है। इससे न केवल मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ भी काफी हद तक कम हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस योजना के जरिए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत हुई है। नियमित स्क्रीनिंग के कारण डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का शुरुआती स्तर पर पता लगाना संभव हो रहा है।
सरकार का मानना है कि “निरोगी हरियाणा” आने वाले समय में राज्य को रोगमुक्त और स्वस्थ समाज की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा
