धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि अंबाला कैंट के रंगिया मंडी से जीटी रोड तक नयी सड़क निर्माण के लिए रेलवे से भूमि 35 वर्ष की लीज पर लेने को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत राज्य सरकार रेलवे को लगभग चार करोड़ रुपये देगी। उन्होंने कहा कि करीब 500 मीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी यह सड़क रंगिया मंडी ओवरब्रिज से जीटी रोडतक बनायी जाएगी।


इससे सदर बाजार और महेशनगर क्षेत्र को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और लोगों को स्टाफ रोड का लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इसके अलावा, शाहपुर में ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान (आईडीटीआर) और ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) स्थापित करने के लिए भूमि नगर परिषद से परिवहन विभाग को ट्रांसफर करने की मंजूरी भी मिल गई है।
लगभग 13 एकड़ में बनने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए 11.49 करोड़ रुपये पहले ही स्वीकृत किये जा चुके हैं। श्री विज ने बताया कि आईडीटीआर से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जबकि एटीएस के जरिए हर सप्ताह करीब 300 वाहनों की फिटनेस जांच की जा सकेगी।
