धारा लक्ष्य समाचार पत्र
नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित उनके आवास ‘संत कबीर कुटीर’ में पंजाब के विभिन्न जिलों से आए धानक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सामाजिक उत्थान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष समाज के विकास, शिक्षा और रोजगार से जुड़े विषयों को रखा। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 30 जून को संत कबीर दास जी के प्रकट दिवस पर पंजाब में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। यह समारोह वंचित अनुसूचित जाति समाज द्वारा आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल के आग्रह को स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संत कबीर दास जी के विचार आज भी समाज को एकता, समानता और भाईचारे का संदेश देते हैं, जो वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं।
यह मुलाकात सामाजिक समरसता और विभिन्न वर्गों के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
