Barabanki UP: बाराबंकी: गन्ना सर्वेक्षण नीति 2026 के तहत प्रशिक्षण संपन्न, 1 मई से शुरू होगा ग्रामवार सर्वेक्षण

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

बाराबंकी। गन्ना सर्वेक्षण नीति 2026 के अनुपालन में मंगलवार 29 अप्रैल 2026 को बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, हैदरगढ़ में एक दिवसीय व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जनपद बाराबंकी की चारों गन्ना समितियों तथा जनपद रायबरेली की दरियापुर और ऐशबाग समितियों के कर्मचारी, गन्ना पर्यवेक्षक, सचिव, गन्ना विकास निरीक्षक, चीनी मिल के प्रक्षेत्र सहायक सहित अन्य अधिकारी एवं सर्वेक्षण कार्य से जुड़े समस्त कार्मिकों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ना सर्वेक्षण कार्य को सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना रहा। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामवार गन्ना सर्वेक्षण 1 मई 2026 से प्रारंभ होकर 30 जून 2026 तक चलेगा।

जिला गन्ना अधिकारी ने गन्ना सर्वेक्षण नीति 2026 की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सही सर्वेक्षण के आधार पर ही आगामी पेराई सत्र को सुचारु बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गन्ना क्षेत्रफल, उत्पादन और उत्पादकता के सटीक आंकलन के लिए सर्वेक्षण की शुद्धता बेहद आवश्यक है, इसलिए सभी सर्वेक्षकों से समयबद्ध और निष्पक्ष कार्य करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में चीनी मिल हैदरगढ़ की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए मुख्य गन्ना महाप्रबंधक श्री बिनोद कुमार यादव ने विस्तृत एवं प्रेरणात्मक जानकारी दी। वहीं आईटी हेड श्री के.डी. सिंह ने जीपीएस प्रणाली के माध्यम से डिजिटल गन्ना सर्वेक्षण की व्यवहारिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया, जिससे सर्वेक्षण कार्य अधिक सटीक और आधुनिक तकनीक पर आधारित हो सके।

गन्ना सर्वेक्षण को सरल और प्रभावी बनाने के संबंध में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बुढ़वल श्री दिलीप सिंह एवं अपर सांख्यिकीय अधिकारी बाराबंकी श्री प्रदीप कुमार ने भी महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

प्रशिक्षण के समापन से पूर्व अपर सांख्यिकीय अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार साहू द्वारा प्रतिभागियों के ज्ञान का आकलन करने के लिए 10 प्रश्नों की प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसके अलावा, भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशिक्षण में शामिल सभी सर्वेक्षकों को ग्लूकोज, सफेद सूती गमछा और पानी की बोतल वितरित की गई, ताकि वे सर्वेक्षण कार्य के दौरान सुरक्षित और स्वस्थ रह सकें।

कार्यक्रम के अंत में गन्ना महाप्रबंधक श्री धर्मेश मेहरोत्रा ने सभी प्रशिक्षणार्थियों एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर डीजीएम  अनिल सिंह, सीएम  जगदीश यादव, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बाराबंकी, गन्ना समितियों के सचिव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts