Hariyana News: हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने आज जिला नूंह के विभिन्न शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों का दौरा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने आज जिला नूंह के विभिन्न शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

राज्यपाल ने अपने दौरे की शुरुआत नूंह शहर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नूंह-2 से की। यहां उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण किया और छात्रों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से भी बातचीत करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों से भी जोड़ना जरूरी है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

इसके पश्चात राज्यपाल गांव फिरोजपुर नमक स्थित पीएमश्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूल परिसर, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन और शिक्षण व्यवस्था की सराहना की तथा विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

दौरे के दौरान राज्यपाल असीम कुमार घोष ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घासेड़ा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। राज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

राज्यपाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जमीनी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related posts