धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। भिटरिया चौराहे पर जाम की समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है। खासकर NH-27 के कट बंद होने के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। दरियाबाद, हैदरगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया है, जिससे दिनभर चौराहे पर लंबा जाम लगा रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले कट खुले होने से ट्रैफिक का दबाव बंट जाता था, लेकिन अब सभी वाहन एक ही पॉइंट पर फंस जाते हैं। नतीजा—घंटों तक लोग जाम में फंसे रहते हैं। स्थिति इतनी खराब है कि एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी जाम में रेंगते नजर आते हैं।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि ट्रैफिक संभालने में पुलिस भी नाकाम दिख रही है। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की संख्या कम है और जो मौजूद हैं, वे भी प्रभावी ढंग से यातायात नियंत्रित नहीं कर पा रहे। कई बार देखा गया कि कर्मी मोबाइल में व्यस्त रहते हैं, जिससे अव्यवस्था और बढ़ जाती है।
व्यापारियों और आम नागरिकों में इस समस्या को लेकर जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि जल्द ठोस ट्रैफिक प्लान लागू नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है। अब सवाल यह है कि प्रशासन कब जागेगा और इस जाम से जनता को राहत दिलाएगा।
