धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रेवाड़ी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी स्थित गोकुलपुर आश्रम में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में शीश नवाकर इसे अपना परम सौभाग्य बताया और कहा कि यह स्थल सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं का जीवंत केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आश्रम से जुड़े संत बाबा गिरधारी दास जी महाराज की तपस्या, सेवा भाव और समाज के प्रति समर्पण को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे संतों का मार्गदर्शन समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गौ माता के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में राज्य बजट में गौ संरक्षण के लिए ₹600 करोड़ का प्रावधान किया गया है, ताकि गौशालाओं के संचालन और पशुओं की देखभाल को और बेहतर बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है। इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
