धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी जनपद के सूरतगंज विकास खंड अंतर्गत ग्राम उतरावा में प्रगतिशील किसान राजेश सिंह के खेत पर संकर मक्का बीज उत्पादन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र तथा आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज-अयोध्या के सहयोग से मक्का एवं गेहूँ सुधार केंद्र, हैदराबाद (CIMMYT) परियोजना के अंतर्गत संचालित किया गया।


कार्यक्रम के दौरान मौजूद वैज्ञानिक अश्वनी सिंह ने किसानों को संकर मक्का बीज उत्पादन की उन्नत तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बीज उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं, जैसे कि उचित किस्म का चयन, समय पर बुवाई, परागण प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण तथा उच्च गुणवत्ता वाले बीज उत्पादन के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।


इस अवसर पर वैज्ञानिकों एवं उपस्थित किसानों ने परियोजना क्षेत्र का भ्रमण भी किया और खेतों में चल रहे कार्यों का अवलोकन किया। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने वैज्ञानिकों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह कार्यक्रम किसानों के लिए उपयोगी साबित हुआ और उन्हें मक्का बीज उत्पादन के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान की।
