Chandigadh hariyana News: सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती के निर्देश, मुख्य स्टॉकिस्टों पर कार्रवाई के आदेश

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 
चंडीगढ़। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रतिबंध केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा की जा रही मौजूदा कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विभाग का फोकस छोटे रिटेल दुकानदारों पर अधिक है, जबकि असल जरूरत बड़े स्तर पर सप्लाई करने वाले मुख्य स्टॉकिस्टों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की है।

राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण और थोक आपूर्ति करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक सप्लाई चेन को नहीं रोका जाएगा, तब तक बाजार में इसकी उपलब्धता पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि छोटे दुकानदारों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उन्हें जागरूक किया जाए और वैकल्पिक उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए। सरकार का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता बढ़ाकर स्थायी समाधान निकालना है।

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण अभियान चलाने और कार्रवाई की प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जाएगा।
(धारा लक्ष्य समाचार)

Related posts