Raybareli news: तालाब की भूमि पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ काटने का मामला गरमाया, जांच शुरू

जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

महराजगंज (रायबरेली)। तहसील क्षेत्र के पुरासी ग्राम सभा में तालाब की सरकारी भूमि पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्व विभाग सक्रिय हो गया और जांच शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम सभा की तालाब भूमि, गाटा संख्या 531 पर लगे लाखों रुपये मूल्य के यूकेलिप्टस के पेड़ काटे जाने की शिकायत गांव निवासी चंद्रप्रकाश ने राजस्व विभाग से की थी। शिकायत के बाद हल्का लेखपाल संतोष यादव मौके पर पहुंचे और जांच की।

लेखपाल के अनुसार तालाब की भूमि से कुल 13 यूकेलिप्टस के पेड़ काटे गए हैं। कटी हुई लकड़ी को नीलाम कर सरकारी खजाने में जमा कराया जाएगा।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गंगा सागर पांडेय ने बताया कि गांव के रमाशंकर पांडेय द्वारा पेड़ बेचे जाने की शिकायत की गई थी। वहीं जांच के दौरान शिकायतकर्ता चंद्रप्रकाश द्वारा भी तालाब की करीब 10 बिस्वा भूमि पर कब्जा पाया गया है।

बताया गया कि काटे गए पेड़ों की लकड़ी को हलोर ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सुधीर चौधरी की सुपुर्दगी में रखा गया है। एसडीएम चंद्रप्रकाश गौतम ने कहा कि लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर सरकारी भूमि पर लगे पेड़ों की कटाई में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related posts