यूरिया मिश्रित अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार।
वाराणसी। चोलापुर पुलिस ने अवैध यूरिया मिश्रित कच्ची शराब बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धरमपुर बेला स्थित ईंट भट्ठे पर छापेमारी कर अमावास (25), राजकुमार (30) निवासी रौनाकला थाना चोलापुर तथा सुशील उरांव (46) निवासी लोहरदगा, झारखंड को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त भट्ठे पर अवैध शराब तैयार कर उसमें यूरिया व अन्य पदार्थ मिलाकर उसकी तीव्रता बढ़ाते थे। मौके से 50 लीटर यूरिया मिश्रित कच्ची शराब, 1250 लीटर लहन, 300 ग्राम यूरिया तथा शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
इस संबंध में थाना चोलापुर में मु0अ0सं0 0177/2026, धारा 60(2) आबकारी अधिनियम एवं धारा 274 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सधुबन राम गौतम, उपनिरीक्षक चन्दन कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
