धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंडीगढ़। हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून से पहले प्रदेश में बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी कार्य 15 जून तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई, नदियों की गाद निकासी तथा जल निकासी से संबंधित लंबित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंत्री श्रुति चौधरी चंडीगढ़ में आयोजित 57वीं HSDR एवं FCB बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। बैठक में विभिन्न जिलों में चल रहे बाढ़ नियंत्रण एवं जल निकासी परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जाए ताकि बरसात के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मानसून को लेकर पूरी तरह सतर्क है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या अधिक रहती है वहां विशेष कार्ययोजना तैयार कर तत्काल अमल सुनिश्चित किया जाए।
श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इन कार्यों की अंतिम समीक्षा स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न जिलों के प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि अधिकांश स्थानों पर कार्य तेजी से चल रहे हैं और निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
