निधन की खबर से परिवार और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
सिद्धार्थनगर जिला पंचायत में तैनात प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप सिंह का रविवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदीप सिंह मूल रूप से कुशीनगर जनपद के रहने वाले थे। वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज लखनऊ स्थित अपोलो हॉस्पिटल में चल रहा था। उन्हें नियमित डायलिसिस भी दी जा रही थी।
परिजनों के अनुसार रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था। रास्ते में उनकी हालत और गंभीर हो गई। आनन-फानन में उन्हें बाराबंकी ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी शोभा सिंह ने बताया कि रास्ते में ही उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई थी।

इस दुखद घटना के बाद पत्नी शोभा सिंह, पुत्र अभिषेक सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रदीप सिंह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
परिजनों ने बताया कि इस कठिन समय में बाराबंकी के जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था कराने में सहयोग किया। वहीं बाराबंकी जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराई।
प्रदीप सिंह के निधन से प्रशासनिक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी शोक व्याप्त है। लोग उन्हें एक शांत स्वभाव, मिलनसार और जिम्मेदार अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं।
