Raybareli news: टूटी सड़कों पर भड़के व्यापारी सब्जी मंडी रोड का निर्माण जल्द पूरा न हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।शहर की बदहाल सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर व्यापारियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष बसन्त सिंह बग्गा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर से मुलाकात कर सब्जी मंडी रोड की जर्जर स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई।

व्यापारियों ने बताया कि सब्जी मंडी मार्ग पर पंजाब क्लॉथ हाउस तक आंशिक सड़क निर्माण के बाद महीनों से कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है। कई बार अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद मई 2026 तक शेष निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया, जिससे नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पंजाब क्लॉथ हाउस से मालखाना होते हुए चिड़ियाखाना तक सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह बड़े गड्ढे, जलभराव और कीचड़ के कारण आम नागरिकों, ग्राहकों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात में यह मार्ग दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।व्यापार मंडल अध्यक्ष बसन्त सिंह बग्गा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण, मरम्मत और जल निकासी का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो व्यापारी वर्ग सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा और जनता व व्यापारियों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

Related posts