Raybareli news: चलते ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय मार्ग पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार से जा रहे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना मिल एरिया थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक रामलाल अकेला के आवास के सामने की बताई जा रही है।आग लगते ही ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन रोका और अपनी जान बचाने के लिए ट्रक से कूद गया।

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया,

लेकिन तब तक ट्रक में लदा सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या इंजन के अत्यधिक गर्म होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के चलते कुछ देर तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया। चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

Related posts