धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। जनपद के त्रिवेदीगंज ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ख्वाजापुर के तहवापुर गांव में आयोजित टीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार को बड़े ही रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल मैच अनुज-11, हैदरगढ़ एवं सुभम मानसिंह यादव-11, तहवापुर के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए सुभम मानसिंह यादव-11 टीम ने जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं अनुज-11, हैदरगढ़ की टीम उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों व खेल प्रेमियों की भीड़ मैदान पर मौजूद रही। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैच के दौरान तालियों और उत्साहवर्धन से पूरा मैदान गूंजता रहा।

टूर्नामेंट के समापन अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि पिंटू यादव एवं टीपीएल अध्यक्ष मानसिंह यादव द्वारा विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी तथा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा निखरकर सामने आती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर अंकित यादव, सेरु यादव, राम राम समझ, शिवकरन यादव, राम सहाय यादव, संजय त्रिवेदी, हनुमान मन्ना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
