Raybareli news: रास्ते के विवाद में खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला गांव।

तीन को लगी गोलीएक घायल; मौके पर पहुंचे एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश।

जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा

रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कल्लू का पुरवा गांव में रास्ते के विवाद ने शुक्रवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते जमकर मारपीट शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण अपने घरों में दुबक गए।

घटना में तीन लोगों को गोली लगने की जानकारी सामने आई है, जबकि एक व्यक्ति मारपीट में घायल हुआ है। घायलों में रामचंद्र, प्रमोद, मनोज और शिव प्रकाश शामिल हैं। सभी घायल कल्लू का पुरवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। एसपी ने दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Related posts