मुंबई में आयोजित तीसरे विश्व महापौर मंच एवं सातवें एशियाई नगर शिखर सम्मेलन में हुईं शामिल, कई देशों के जनप्रतिनिधियों से किया संवाद
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। मुंबई के प्रतिष्ठित फेयरमोंट होटल में 25 एवं 26 नवंबर को आयोजित तीसरे विश्व महापौर मंच एवं सातवें एशियाई नगर शिखर सम्मेलन-2026 में नगर पालिका परिषद सीतापुर की अध्यक्ष नेहा अवस्थी ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में प्रदेश से चयनित जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल में उन्हें भी शामिल होने का अवसर मिला।
नगरीय निकाय निदेशालय, उत्तर प्रदेश की ओर से नामित प्रतिनिधिमंडल में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सीतापुर की नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, पीलीभीत की पूरनपुर नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, कानपुर देहात की राजपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अंशु त्रिपाठी, मथुरा की कोसीकलां नगर पंचायत अध्यक्ष धरमवीर अग्रवाल एवं गोकुल नगर पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित शामिल रहे।
इनके साथ उत्तर प्रदेश वित्तीय संसाधन बोर्ड के वित्त विशेषज्ञ शमशेर सिंह ने भी सहभागिता की।
अखिल भारतीय स्थानीय स्वशासन संस्थान, मुंबई के आमंत्रण पर आयोजित इस सम्मेलन में भारत के विभिन्न प्रदेशों के साथ ईरान, जापान, नेपाल, श्रीलंका, स्वीडन, नाइजीरिया और सेशेल्स सहित कई देशों के जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन में शहरी विकास, स्थानीय निकायों को मजबूत बनाने और आधुनिक नगर प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव और विकास के नए तौर-तरीके साझा किए।

नगर पालिका परिषद सीतापुर की अध्यक्ष नेहा अवस्थी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर सीतापुर का प्रतिनिधित्व करने को गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के जनप्रतिनिधियों से संवाद और उनके अनुभवों को जानने का अवसर मिला।
ऐसे आयोजनों से शहरी विकास की नई योजनाओं और बेहतर नगर प्रबंधन की कार्यप्रणाली को समझने में मदद मिलती है।
