जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक वट सावित्री व्रत पूजा संपन्न की। शुक्रवार सुबह से ही महिलाएं सोलह श्रृंगार कर बरगद के पेड़ों के नीचे एकत्रित हुईं और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चा धागा लपेटते हुए पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की प्रार्थना की।पूजन के दौरान महिलाओं ने बरगद के पेड़ की जड़ में खीरा, खरबूजा, पकवान, फल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। मंदिरों और वट वृक्षों के आसपास धार्मिक माहौल बना रहा।
शहर के विभिन्न मोहल्लों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी वट सावित्री पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। दिनभर वट वृक्षों के पास महिलाओं की भीड़ लगी रही। महिलाओं ने कथा श्रवण कर सावित्री और सत्यवान की कथा का स्मरण किया तथा परिवार की सुख-शांति की कामना की।
